यूपी पंचायत चुनाव में मजबूत प्रत्याशियों पर दांव खेलेगी भाजपा
किरावली आगरा
किरावली, मौनी बाबा की धरती पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार पहुंचे स्वतंत्रदेव सिंह ने पंचायत चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं से आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पहली बार हो रहा है कि भाजपा सीधे तौर पर पंचायत चुनाव के मैदान में आ रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी मजबूत प्रत्याशियों पर दांव खेलेगी। प्रदेश अध्यक्ष ने जनता के बीच मोदी और योगी सरकार की उपलब्धियों को भी रखा। स्वतंत्र देव सिंह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम में शिरकत करने आए किरावली पहुंचे थे।
किरावली में अमर गार्डन में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचने से पहले पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक राणा और डा. रामेश्वर चौधरी के नेतृत्व में उनका जोरदार स्वागत किया गया। मन की बात कार्यक्रम के समाप्त होने के बाद स्वतंत्र देव सिंह ने वहां मौजूद जनता को संबोधित किया। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में एक विश्वसनीय चेहरे ने पूरे विश्व में अपनी स्वीकार्यता बनायी है। गरीब से लेकर मध्यमवर्गीय तक सरकार की उल्लेखनीय योजनाओं के बलबूते केंद्र सरकार ने कीर्तिमान स्थापित किये हैं। भारत आत्मनिर्भर और विकसित देशों की श्रेणी में अग्रिम पंक्ति में खड़ा है।
प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं के बारे में कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। यहां बूथ अध्यक्ष कभी भी राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है। आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा का पूरा फोकस इन चुनावों पर है। लगातार मंथन और रणनीति बनाई जा रही है। मजबूत प्रत्याशियों पर दांव खेलकर भाजपा चुनावी मैदान में फतह हासिल करेगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष पवन इंदौरिया, संचालन प्रशांत पूनिया और दीवान सिंह ने किया। इस अवसर पर राज्यमंत्री चौधरी उदयभान सिंह, बृज क्षेत्र अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी, विधायक हेमलता दिवाकर, महेश गोयल, जिलाध्यक्ष गिर्राज सिंह कुशवाह, पूर्व सांसद चौधरी बाबूलाल, संतोष सिकरवार, अशोक लवानिया, प्रशांत पौनिया, जुगे पहलवान आदि मौजूद रहे।
बूथ स्तरीय बैठक में की व्यूहरचना
भाजपा बिचपुरी मंडल की बूथ स्तरीय बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने व्यूहरचना की। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता पंचायत चुनाव के लिए कमर कस लें। यह चुनाव हमारे बीच के कार्यकर्ता ही लड़ेंगे, उन कार्यकर्ताओं को जिताने के लिए जी-जान से जुटना होगा। तभी हम इस चुनाव में पार्टी को विजयश्री दिला सकेंगे। कार्यकर्ता कभी भी अपने निजी स्वार्थ के लिए पार्टी से नहीं जुड़ा है। टिकट किसी को भी मिले, चुनाव कोई भी लड़े, लेकिन कार्यकर्ता की जीत भाजपा के कार्यकर्ता का लक्ष्य होती है। इस पंचायत चुनाव को हमें जीतना है। अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष चौधरी रविंद्र सिंह ने की संचालन मंडल महामंत्री पदम सिंह ने किया। बैठक में प्रदेश मंत्री अंजुला माहौर, विजय शिवहरे, देवेंद्र सिंह, जिला पंचायत चुनाव संयोजक श्याम भदौरिया, रामकुमार शर्मा, उमाशंकर माहौर, संतोष सिकरवार, संतोष कटारा, सुनील राजपूत, राजकुमार पथिक आदि मौजूद रहे।

पाठको की राय